जीजा बना हत्यारा, नाबालिग साली से की शादी…फिर उतारा मौत के घाट

शेयर करे

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी ही नाबालिग साली की हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया और अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

शादी करने के बाद की हत्या

जानकारी के अनुसार आरोपी विजय (35) पेशे से हलवाई है। बताया जा रहा है कि वह 4 मार्च को अपनी 16 वर्षीय साली सुनैना को बहला-फुसलाकर घर से दिल्ली ले गया। वहां दोनों ने कथित तौर पर एक मंदिर में शादी कर ली। परिवार के लोगों को इस शादी की जानकारी बाद में तस्वीरों के जरिए मिली। वहीं परिजनों के मुताबिक जब लड़की की मां ने फोन कर बेटी को घर बुलाया, तो आरोपी उसे वापस इटावा लेकर आ रहा था। लेकिन रास्ते में ही उसने कथित रूप से सुनैना पर हमला कर दिया। आरोप है कि पहले उसने ईंट से सिर पर वार किया और फिर धारदार हथियार से गला काटकर उसकी हत्या कर दी।

11वीं की छात्रा थी पीड़िता

मृतका सुनैना सैफई क्षेत्र के नगला सुभान गांव की रहने वाली थी और 11वीं कक्षा की छात्रा बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

वारदात के बाद खुद पहुंचा पुलिस थाने

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

परिजनों ने यह भी दावा किया है कि आरोपी विजय ने करीब छह साल पहले पीड़िता की मौसेरी बहन से शादी की थी। ऐसे में पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने शादी के बाद इतनी क्रूर वारदात क्यों की और इसके पीछे असली वजह क्या थी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। इस घटना ने इलाके में रिश्तों और सामाजिक सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *