सारण। बिहार के सारण जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ कथित तौर पर पांच युवकों ने गैंगरेप किया और फिर उसे कुएं में फेंक दिया। पानी में डूबने से छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जबरन उठाकर ले गए आरोपी
दरअसल, यह पूरा मामला जिले के डेरनी इलाके का है। जानकारी के अनुसार, गांव के ही पांच युवकों ने छात्रा को जबरन पकड़कर अपने साथ ले गए। इसके बाद उन्होंने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि जब पीड़िता की मां ने बेटी को ढूंढते हुए आवाज लगाई तो आरोपी घबरा गए। इसके बाद उन्होंने छात्रा को करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए पास के कुएं तक ले गए और उसे उसमें धक्का दे दिया। कुएं में गिरने के बाद छात्रा की डूबने से मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी ने दी जानकारी
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, आरोपियों ने छात्रा को कुएं में धकेलने के बाद मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि करीब 30 मिनट तक छात्रा पानी में तड़पती रही और फिर उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी का दावा है कि मुख्य आरोपी पहले भी छात्रा को परेशान करता था और उसे धमकी देता रहता था।
बता दें पीड़िता की मां ने गांव के ही पांच युवकों के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

