मरकापुरम। आंध्र प्रदेश के मरकापुरम जिले में रायवरम के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक प्राइवेट ट्रैवल बस और डंपर की जोरदार टक्कर के बाद बस में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि बस में सवार 13 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद पहले 14 लोगों की मौत की सूचना दी गई थी, लेकिन बाद में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से आधिकारिक पुष्टि में मृतकों की संख्या 13 बताई गई।
अधिकारियों ने बताया कि हरिकृष्णा ट्रैवल्स की यह बस तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जा रही थी। हादसा गुरुवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। टक्कर के बाद बस में आग लग गई, जिसे काबू में करने में दमकल की टीम को करीब तीन घंटे का समय लगा।
मरकापुरम के एसपी वी. हर्षवर्धन राजू ने बताया कि घायलों में डंपर चालक भी शामिल है। सभी 22 घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में कुल 35 यात्री सवार थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इधर, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर शोक जताया है और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
पीएम ने दी मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख की मदद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

