भोपाल अशोका गार्डन इलाके में कारोबारी विजय राजपूत मेवाड़ उर्फ ‘बिट्टू’ की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ ‘बम’ को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद जिंदा गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि भागने की कोशिश करते हुए आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा। वहीं, इस हत्या के खिलाफ हिन्दू संगठनों ने सड़क पर उतरकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का प्रयास किया।
भोपाल पुलिस को कारोबारी हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ ‘बम’ को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया। बकौल पुलिस, आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था इसी दौरान पुलिस ने मुठभेड़ जैसी स्थिति में उसे घेरकर काबू कर लिया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
हत्याकांड का मामला
दरअसल, रविवार रात अशोका गार्डन इलाके में 35 वर्षीय विजय राजपूत मेवाड़ पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई थी। जानकारी के मुताबिक, विजय ने आरोपियों को ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश की थी, लेकिन विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए पहले तीन संदिग्धों फरमान, कालू और इमरान को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी आसिफ की तलाश जारी थी। शॉर्ट एनकाउंटर के बाद आसिफ उर्फ बम को भी पकड़ लिया गया है।
हिंदू संगठनों का प्रदर्शन
बुधवार को इस हत्या के विरोध में सकल हिंदू समाज के आह्वान पर हिंदू उत्सव समिति और बजरंग दल समेत कई संगठनों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारी, मुख्यमंत्री आवास की ओर पैदल बढ़ने लगे। पुलिस ने रोशनपुरा चौराहे पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पार कर आगे बढ़ गए। हालांकि, मुख्यमंत्री आवास से तक़रीबन 100 मीटर पहले पॉलिटेक्निक चौराहे पर पुलिस ने उन्हें फिर रोक लिया। इस दौरान सड़क पर धरना देने से दोनों ओर ट्रैफिक जाम लग गया। बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
मंत्री विश्वास सारंग का बयान
इस मामले को लेकर सरकार ने भी सख्त रुख दिखाया है। मंत्री विश्वास सारंग मृतक विजय के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर भी चलाया जाएगा। साथ ही मृतक की बेटियों की पढ़ाई और परिवार की मदद का भरोसा भी दिया। उन्होंने कहा, “यह बहुत ही वीभत्स घटना है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। हमने पुलिस प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।”

