कालीकट जा रही एयर इंडिया फ्लाइट कोच्चि डायवर्ट, फटे टायर के कारण करानी पड़ी एहतियाती लैंडिंग

शेयर करे

कोच्चि। गुरुवार को एक ओर विमान हादसा होने से टल गया, कालीकट (कोझिकोड) जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान को टायर फटने के चलते कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर सुरक्षित लैंड कराया गया। एयर इंडिया के विमान का दाहिने हिस्से के टायर फटने की जानकारी मिलते ही विमानन प्राधिकरण अलर्ट हो गया और सभी सुरक्षा के तहत स्थिति को नियंत्रित किया गया। विमान में लगभग 160 से अधिक यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट संख्या एआई-398 में राइट मेन लैंडिंग गियर के टायर फेल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद विमान को कोच्चि की ओर मोड़ दिया गया। गुरुवार की सुबह 9ः07 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इस दौरान एयरपोर्ट पर पूरी इमरजेंसी तैयारी के साथ फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाओं को पहले ही सक्रिय कर दिया गया था।
कोच्चि एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। लैंडिंग के बाद की गई तकनीकी जांच में पुष्टि हुई कि दाहिनी ओर के दोनों टायर फट चुके थे।
वहीं एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि लैंडिंग गियर में किसी प्रकार की खराबी नहीं थी, केवल टायर फटे थे। इसे पूर्ण इमरजेंसी लैंडिंग नहीं बल्कि एहतियाती लैंडिंग माना गया, क्योंकि कालीकट का करिपुर एयरपोर्ट एक टेबल-टॉप एयरपोर्ट है, जहां इस तरह की स्थिति में लैंडिंग कराना जोखिम भरा हो सकता है।
गौरतलब है कि करिपुर (कोझिकोड) एयरपोर्ट को देश के चुनौतीपूर्ण और संवेदनशील एयरपोर्ट्स में गिना जाता है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को कोच्चि में उतारने का निर्णय लिया गया, जिससे एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।