भोपाल: राजधानी भोपाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR के दौरान सूची से छूटे नामों की दोबारा जांच की जा रही है। इसके लिए कुल 3 लाख 88 हजार नामों की जांच में बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO मैदान में उतरे हैं।वहीं, मतदाताओं की सुविधा के लिए 8 और 9 अक्टूबर को दो दिन विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में ऐसे लोग अपने नाम से जुड़ी जानकारी की जांच करा सकेंगे, जिनके नाम SIR की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से बाहर हो गए थे।
छूटे हुए नामों की जांच का काम शुरू
करीब 11 महीने पहले भोपाल में SIR को लेकर कवायद शुरू हुई थी। उस समय जिले में कुल 21 लाख 25 हजार 908 मतदाता दर्ज थे। SIR की प्रक्रिया के बाद भोपाल में मतदाताओं की संख्या घटकर करीब 16 लाख 87 हजार रह गई। अब छूटे हुए नामों की जांच का काम शुरू किया गया है, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा सूची में शामिल किए जा सके।
मतदाता विशेष शिविरों के अलावा ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। प्रशासन की ओर से मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपनी जानकारी और नाम की स्थिति जरूर जांच लें।
फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया भी शुरू
1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए एडवांस में फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसके लिए डिक्लेरेशन की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है।एसएसडीआर सूचियों की भी कड़ाई से समीक्षा की जा रही है। इस दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहराए गए डेटा का पुनरीक्षण किया जा रहा है।इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची को सही और अपडेट रखा जा सके और कोई भी वास्तविक एवं पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
ये भी पढ़ें: Bhopal No UPI Day: आज भोपाल के बाजारों में नहीं चलेगा UPI
विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे
पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बीएलओ द्वारा तैयार की गई सूचियों को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट यानी बीएलए के साथ साझा किया जाएगा।इसके साथ ही नाम जोड़ने और नामांकन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए विशेष कैंप भी लगाए जा रहे हैं। नाइट शेल्टर, मजदूर बस्तियों और बेघर लोगों के बीच भी विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इन शिविरों के जरिए ऐसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है, जो सामान्य परिस्थितियों में मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी का सामना कर सकते हैं।

