तेहरान। मिडिल ईस्ट में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। इजराइल ने ईरान के दक्षिणी खुजेस्तान प्रांत के महशहर पेट्रोकेमिकल स्पेशल इकोनॉमिक जोन पर बड़ा एयरस्ट्राइक किया है। फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इलाके में एक के बाद एक कई विस्फोट हुए, जिससे आसमान में धुएं का गुबार फैल गया और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
स्ट्रैटेजिक टारगेट पर सटीक हमला
इजराइली सुरक्षा सूत्रों ने पुष्टि की है कि यह कार्रवाई वायुसेना द्वारा की गई। हमले में पेट्रोकेमिकल जोन की तीन प्रमुख कंपनियों को निशाना बनाया गया। इसके साथ ही एयर डिफेंस सिस्टम, मिसाइल साइट्स और हथियारों के रिसर्च-डेवलपमेंट से जुड़े सैन्य ठिकानों पर भी प्रहार किए गए।
परमाणु प्लांट के पास धमाका, एक की मौत
रिपोर्ट्स के अनुसार, बुशहर परमाणु संयंत्र के पास एक प्रोजेक्टाइल गिरा, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना ने वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि यह इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है।
इसी कड़ी में राजधानी तेहरान में हुए हवाई हमले में एक म्यूजिक स्कूल पूरी तरह से नष्ट हो गया। यह घटना बताती है कि हमले का असर केवल सैन्य ठिकानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नागरिक ढांचे भी इसकी चपेट में आए।
ईरान का पलटवार दावा
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिका के दो लड़ाकू विमानों को मार गिराया है। इनमें F-35 और A-10 जैसे एडवांस एयरक्राफ्ट शामिल बताए जा रहे हैं, हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में F-15E का भी जिक्र है।
साथ ही ईरान ने अमेरिकी फाइटर जेट के पायलट को जिंदा पकड़ने पर 10 बिलियन तोमान (करीब 55 लाख रुपये) का इनाम घोषित किया है। सरकारी मीडिया ने नागरिकों से अपील की है कि पायलट को पकड़कर अधिकारियों को सौंपें।

