दिल्ली: ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने दिल्ली पुलिस की ओर से जारी शांति बॉन्ड नोटिस के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। पुलिस ने उन्हें शांति बनाए रखने के लिए 10,000 रुपये के मुचलके और जमानत राशि से संबंधित नोटिस जारी किया था।
नेहा बोरा ने इस नोटिस को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। यह घटनाक्रम मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच सामने आया है।
नोटिस के विरोध में नेहा बोरा ने याचिका दायर की
नोटिस के विरोध में नेहा बोरा ने याचिका दायर की है और इसे तुरंत रद्द करने की मांग की है। वहीं AISA के मुताबिक, नेहा बोरा की लीगल टीम दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से इस मामले पर तुरंत सुनवाई की मांग करेगी।
ये भी पढ़ें: MP में दशहरा पर ‘ज्ञानेश कुमार’ का पुतला दहन करेगी कांग्रेस, 1 और 26 नवंबर को दिल्ली चलो का निर्देश
कानूनी सलाह लेने के बाद हाईकोर्ट में चुनौती दी
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने 18 अक्टूबर को नेहा बोरा को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126/130 और धारा 135(3) के तहत एक नोटिस भेजा था। 17 अक्टूबर 2026 की तारीख वाले इस नोटिस में नेहा को 19 अक्टूबर दोपहर 2 बजे स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट नई दिल्ली के सामने पेश होने का आदेश दिया गया था।
नोटिस के जरिए उनसे मांग की गई थी कि वो जांच अवधि के दौरान शांति बनाए रखने के लिए 10 हजार रुपये का पर्सनल बॉन्ड और एक जमानतदार जमा करें। कानूनी सलाह लेने के बाद नेहा ने इसे हाईकोर्ट में चुनौती दी है।

