मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार रात मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग की घटना ने फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है। इस घटना के बाद बॉलीवुड के कई कलाकारों ने चिंता जताते हुए मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं
रवि दुबे बोले- ईश्वर ने टाइगर की रक्षा की
अभिनेता रवि दुबे ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि ईश्वर ने टाइगर श्रॉफ की रक्षा की है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी टाइगर से मिलने पहुंचे थे। रवि दुबे के मुताबिक, ऐसे मुश्किल समय में किसी बड़े नेता का मिलने पहुंचना परिवार को हिम्मत देता है।
उन्होंने कहा कि हमले के पीछे जो भी लोग जिम्मेदार हैं, उनकी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। दोषियों को सजा मिलने से ही लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होगा।
सुनीता आहूजा ने कहा- माता रानी टाइगर के साथ हैं
अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा भी इस घटना से दुखी नजर आईं। उन्होंने बताया कि वह टाइगर को बचपन से जानती हैं। टाइगर उनके बच्चों की पार्टियों में भी आया करते थे।
सुनीता ने कहा कि टाइगर बेहद अच्छे स्वभाव के इंसान हैं और किसी विवाद या लड़ाई-झगड़े में नहीं पड़ते। उन्होंने राहत जताई कि टाइगर सुरक्षित हैं और कहा कि माता रानी हमेशा उनकी रक्षा करें।
पूनम पांडे ने मुंबई की सुरक्षा पर उठाए सवाल?
अभिनेत्री पूनम पांडे ने घटना को बेहद डरावना बताया। उन्होंने कहा कि वह मुंबई में पली-बढ़ी हैं और हमेशा इस शहर को सुरक्षित मानती आई हैं, लेकिन पिछले कुछ समय में फिल्मी सितारों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।
पूनम ने सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग और सैफ अली खान के घर में घुसपैठ की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि टाइगर श्रॉफ किसी विवाद में नहीं रहते। उनका ज्यादातर समय फिटनेस और डांस में बीतता है। ऐसे में उन पर हमला होना समझ से परे है।
अमोल पाराशर और अपूर्वा अरोड़ा ने की न्याय की मांग
एक्टर अमोल पाराशर ने कहा कि जुहू जैसे इलाके में ऐसी घटना होना बहुत चिंता की बात है। ऐसी खबरें सुनकर परिवार वाले भी घबरा जाते हैं और अपनों की सेफ्टी को लेकर परेशान होते हैं। अमोल ने कहा कि क्राइम रोकने के लिए जरूरी है कि आरोपियों को जल्दी पकड़ा जाए और उन पर सख्त कार्रवाई हो।एक्ट्रेस अपूर्वा अरोड़ा ने भी इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि उम्मीद है पीड़ितों को न्याय मिलेगा और मुंबई पुलिस शहर की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगी। वहीं एक्टर रणवीर शौरी ने घटना को चौंकाने वाला और घिनौना बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें: जबलपुर के पारले बिस्किट फैक्ट्री में लगी भयंकर आग, सभी कर्मचारी सुरक्षित निकाले गए
लगातार घटनाओं से फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ी चिंता
बॉलीवुड सितारों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं के कारण कलाकारों और उनके परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। टाइगर श्रॉफ से जुड़ी इस कथित घटना के बाद कई कलाकारों ने कहा कि मुंबई जैसे बड़े शहर में लोगों का सुरक्षित महसूस करना बेहद जरूरी है।

