अशोकनगर: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चंदेरी दौरे के दौरान माँ जागेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। दर्शन-पूजन के उपरांत उन्होंने चंदेरी क्षेत्र को दो नवीन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों की सौगात दी तथा माँ जागेश्वरी लोक में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के पाठखेड़ा में ₹2.38 करोड़ तथा माधी महिदपुर में लगभग ₹2 करोड़ की लागत से निर्मित नवीन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया गया। इन दोनों उपकेंद्रों के शुरू होने से 12 गांवों के लगभग 15 हजार नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, स्थिर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। वर्षों से कम वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या से जूझ रहे किसानों, ग्रामीण परिवारों और स्थानीय उपभोक्ताओं को इससे बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही कृषि सिंचाई, घरेलू उपभोक्ताओं और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
₹20 करोड़ से बन रहा है माँ जागेश्वरी लोक
दर्शन-पूजन के उपरांत केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लगभग ₹20 करोड़ की लागत से विकसित हो रहे माँ जागेश्वरी लोक के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में ग्वालियर और चंदेरी के स्थानीय पत्थरों का उपयोग किया जाए, ताकि परिसर में क्षेत्रीय कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत की झलक दिखाई दे।
उन्होंने कहा कि चंबल-ग्वालियर अंचल पत्थरों की समृद्ध विरासत वाला क्षेत्र है, इसलिए मंदिर परिसर के विकास में स्थानीय स्थापत्य शैली को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इससे न केवल क्षेत्रीय पहचान मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय शिल्प और संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित होगा जागेश्वरी लोक
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके अनुरोध पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माँ जागेश्वरी लोक के विकास के लिए ₹20 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद माँ जागेश्वरी धाम भी महाकाल लोक की तरह भव्य, आकर्षक और प्रदेश का प्रमुख धार्मिक-पर्यटन केंद्र बनेगा।
उन्होंने कलेक्टर को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए तथा मंदिर परिसर के आसपास हुए अतिक्रमण को शीघ्र हटाकर परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही पुरातत्व विभाग को मंदिर परिसर की ऐतिहासिक संरचनाओं का मूल स्वरूप सुरक्षित रखते हुए जीर्णोद्धार करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार प्रदेश में धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का तेजी से विस्तार कर रही है।


