छतरपुर, मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में प्राचीन गोपाल टौरिया मंदिर के आसपास अतिक्रमण कर बनाए गए दर्जनों अवैध मकानों को जमींदोज करने की कार्रवाई की जा रही है।इस अभियान में तीन बुलडोजर मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। एसडीएम अखिल राठौर के नेतृत्व में तहसीलदार, नगर पालिका के सीएमओ और अन्य अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं ने जताया विरोध
कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध जताते हुए हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और प्राचीन मंदिर की रक्षा के लिए की जा रही है।अधिकारियों ने बताया कि पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया, इसलिए बुलडोजर चलाना पड़ा। अभियान जारी है और आगे भी ऐसे अवैध निर्माणों पर सख्ती बरती जाएगी।


