Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsछतरपुर में ट्रक ने बोलेरो को मारी जोरदार टक्कर, 5 की मौत;...

छतरपुर में ट्रक ने बोलेरो को मारी जोरदार टक्कर, 5 की मौत; अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था परिवार

छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। हादसा सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौका गांव के पास हुआ। यहां ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, बचाव दल और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायल महिला को उपचार के लिए छतरपुर जिला अस्पताल भेजा गया।

अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था परिवार

मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे के अनुसार, बोलेरो में बिजावर थाना क्षेत्र के खटकयाना मोहल्ले का रैकवार परिवार सवार था। परिवार के लोग बिजावर से बागोता में आयोजित अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान चौका गांव के पास हाईवे पर बोलेरो की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई।

हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जिनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। एक महिला घायल हुई है, जिसे इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान विक्की रैकवार, दौलत रैकवार, संजय रैकवार, श्याम बाई रैकवार और कौशल्या के रूप में हुई है। वहीं घायल मीना रैकवार का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

टक्कर इतनी भीषण कि बोलेरो के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शी सुरेंद्र तिवारी के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।

पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने के बाद घायल महिला को अस्पताल भेजा गया, जबकि वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।


RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन