भोपाल: मध्यप्रदेश में सार्वजनिक यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए यात्री परिवहन विजन समिट-2026 का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय समिट का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में करेंगे।
समिट में निजी बस ऑपरेटर, नीति-निर्माता, परिवहन विशेषज्ञ, देशभर के राज्य परिवहन उपक्रम, आईटी कंपनियां और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ पर फोकस
समिट का मुख्य फोकस ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ पर रहेगा। मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) के जरिए जन-निजी भागीदारी (PPP), आधुनिक आईटी सिस्टम और हरित ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री समिट के दौरान इंडस्ट्री एक्सपो और हैकाथॉन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही MPYPIL के नए लोगो और ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ की रूपरेखा पर आधारित विशेष पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा।
यह भी पढ़े : सागर जहरीली शराब कांड: आरोपियों की संपत्तियों पर चला बुलडोजर, 5 ठिकाने चिन्हित
8 सत्रों में परिवहन व्यवस्था पर मंथन
समिट में यात्री परिवहन से जुड़े आठ प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इनमें MP मोबिलिटी विजन-2030, PPP मॉडल से निवेश, वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बस संचालन, रोजगार एवं उद्यमिता, यात्री सुरक्षा, AI आधारित रूट प्लानिंग, ग्रीन मोबिलिटी और एकीकृत टिकटिंग शामिल हैं।
इलेक्ट्रिक, हाइड्रोजन और फ्लेक्स-फ्यूल बसों के साथ चार्जिंग व रीफ्यूलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे। इसके अलावा नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड, ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन और मोबिलिटी-एज-ए-सर्विस जैसे डिजिटल समाधानों पर चर्चा होगी।
देशभर की कंपनियां लेंगी हिस्सा
समिट में टाटा मोटर्स, ईकेए मोबिलिटी, ग्रीनसेल मोबिलिटी, वोल्वो-आयशर, स्विच मोबिलिटी, रैपिडो, चलो मोबिलिटी, इंडियन ऑयल, एसबीआई और थिंक गैस सहित कई कंपनियां शामिल होंगी।
WRI इंडिया, BITS पिलानी, CEPT अहमदाबाद, KPMG और DIMTS के विशेषज्ञ भी सुझाव देंगे। समिट में होने वाले विचार-विमर्श के आधार पर प्रदेश की यात्री परिवहन व्यवस्था को तकनीक-सक्षम, सुरक्षित और टिकाऊ बनाने की आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

