मुंबई। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। मुंबई से सटे मीरा-भायंदर के राई गांव में सड़क से गुजर रहे एक बाइक सवार पर अचानक नारियल का विशाल पेड़ गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान राहुल अशोक पाटिल (35) के रूप में हुई है, जो मीरा-भायंदर नगर परिषद के पूर्व डिप्टी मेयर अशोक पाटिल के बेटे थे।
चलती बाइक पर अचानक गिरा पेड़
जानकारी के अनुसार, घटना भारी बारिश के दौरान हुई। राहुल पाटिल अपनी बाइक से राई गांव की सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा एक नारियल का पेड़ अचानक जड़ समेत उखड़कर उनकी बाइक पर गिर पड़ा। पेड़ का वजन इतना अधिक था कि राहुल उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद उन्हें पेड़ के नीचे से बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें-
मानसून का कहर: जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, बदरीनाथ हाईवे बंद; कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
नहीं बच सके राहुल
घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों ने घायल राहुल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ICU में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने कई घंटे तक उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर सिर और शरीर पर आई चोटों के कारण शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। राहुल की मौत की खबर से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
राहुल पाटिल, मीरा-भायंदर नगर परिषद के पूर्व डिप्टी मेयर अशोक पाटिल के पुत्र थे। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक व्यक्त किया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
बारिश के बीच बढ़ रहे हैं ऐसे हादसे
लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई महानगर क्षेत्र में कई पेड़ कमजोर होकर गिर रहे हैं। जलभराव, तेज हवाओं और लगातार भीगने से पुराने पेड़ों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। मानसून के दौरान ऐसे पेड़ों की नियमित जांच और समय पर छंटाई नहीं होने से इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।
कुछ दिन पहले स्कूल बस पर भी गिरा था पेड़
इससे पहले 30 जून को मुंबई के चेंबूर (पूर्व) स्थित डायमंड गार्डन के पास एक विशाल पीपल का पेड़ स्कूल बस पर गिर गया था। इस हादसे में 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई थी। परिजनों के अनुसार विहान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। अब कुछ ही दिनों के भीतर एक और पेड़ गिरने से हुई मौत ने प्रशासन की तैयारियों और सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लगातार हो रही बारिश के बीच मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में पुराने और कमजोर पेड़ों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित बनाने की मांग तेज हो गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समय रहते सर्वे और रखरखाव किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

