भोपाल: मध्य प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस पार्टी आज भोपाल में बड़ा प्रदर्शन कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (PCC) से अरेरा हिल्स स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय का घेराव करने निकले हैं। प्रदर्शन में विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी सहित भोपाल और प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए हजारों कार्यकर्ता शामिल हैं।
आंदोलन की पृष्ठभूमि में द इंडियन एक्सप्रेस की वह रिपोर्ट है, जिसमें चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की ओर से पिछले 10 महीनों में चुनावी सूची और SIR से जुड़े कुछ फैसलों पर कम से कम 14 आपत्तियां दर्ज किए जाने की बात सामने आई थी। चुनाव आयोग ने बाद में कहा कि आयोग के फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे।
घेराव से पहले PCC के सामने सभा
घेराव आंदोलन से पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने एक विशाल सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा, पीसी शर्मा, पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधो, मुकेश नायक, रवि जोशी, संजय कामले, विधायक सिद्धार्थ कुशवाह, शोभा ओझा, विक्की पटेल और जे पी धनोपिया सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
34.25 लाख नाम हटाए जाने का आरोप
कांग्रेस का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के दौरान राज्य की अंतिम मतदाता सूची से 34 लाख 25 हजार 78 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। जीतू पटवारी के अनुसार, SIR से पहले प्रदेश में कुल 5,74,06,143 मतदाता थे। ड्राफ्ट प्रक्रिया में 42,74,160 नाम बाहर किए गए, जिसके बाद 21 फरवरी 2026 को जारी अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या घटकर 5,39,81,065 रह गई है। पार्टी मांग कर रही है कि हटाए गए नामों का विधानसभा और जिलावार ब्योरा सार्वजनिक किया जाए।
CEC को हटाने और स्वतंत्र जांच की मांग
कांग्रेस केवल आंकड़ों तक सीमित न रहकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। पार्टी की मांग है कि मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र जांच कराई जाए और कोई आपराधिक कृत्य सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की जाए। यह प्रदर्शन द इंडियन एक्सप्रेस की उस रिपोर्ट के बाद किया जा रहा है, जिसमें चुनाव आयोग के भीतर फैसलों को लेकर आपत्तियों का दावा किया गया था।
पुलिस ने व्यापमं चौराहा और रेडक्रॉस के पास की बैरिकेडिंग
प्रदर्शनकारियों को निर्वाचन सदन तक पहुंचने से रोकने के लिए भोपाल पुलिस ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। PCC के आसपास सिंधु भवन, रेडक्रॉस अस्पताल के सामने और व्यापमं चौराहे पर मजबूत बैरिकेड्स लगाए गए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के आसपास भी पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है।
ये भी पढ़ें: RBI से उधारी! 1 महीने में तीसरी बार कर्ज लेगी मोहन सरकार
सीएम बोले- कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं
कांग्रेस के इस आंदोलन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा हमला बोला है। सीएम ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा स्थिति स्पष्ट करने के बाद भी कांग्रेस का प्रदर्शन यह दर्शाता है कि उसे न तो सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा है और न ही लोकतंत्र व चुनाव आयोग पर। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र के प्रमुख स्तंभों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। सीएम यादव ने कहा कि भारत का लोकतंत्र पूरी दुनिया में अपनी व्यवस्थाओं के कारण मजबूत है और इस तरह के व्यवहार के लिए राहुल गांधी तथा पूरी कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए।

