Thursday, July 2, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsपेपर लीक और बेरोजगारी पर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, 14 जुलाई से...

पेपर लीक और बेरोजगारी पर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, 14 जुलाई से निकलेगी ‘युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन’

जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर लगाए शिक्षा और भर्ती व्यवस्था को बर्बाद करने के आरोप

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि युवाओं के भविष्य से लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है, इसलिए अब कांग्रेस प्रदेशभर में युवाओं के हक और सम्मान की लड़ाई सड़क पर लड़ेगी।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और प्रियव्रत सिंह ने कहा कि 14 जुलाई से इंदौर से ‘युवा स्वाभिमान जेन-जी साइक्लोथॉन’ की शुरुआत होगी। यह यात्रा देवास और सीहोर होते हुए 15 जुलाई को भोपाल पहुंचेगी। कांग्रेस का दावा है कि अभियान के जरिए युवाओं को शिक्षा, रोजगार और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर जागरूक किया जाएगा।

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है। उन्होंने नीट, व्यापम, पटवारी भर्ती, नर्सिंग कॉलेज और अन्य भर्ती मामलों का उल्लेख करते हुए सरकार पर पारदर्शी परीक्षा प्रणाली कायम रखने में विफल रहने का आरोप लगाया।

कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि प्रदेश में लाखों सरकारी पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन सरकार भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के बजाय युवाओं को बेरोजगारी की ओर धकेल रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि रोजगार और निवेश को लेकर किए गए कई सरकारी दावे भी धरातल पर पूरे नहीं हुए।

पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन प्रदेश के युवाओं की आवाज़ को मजबूती देने का अभियान होगा।

कांग्रेस ने सरकार से यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड, समयबद्ध भर्ती कानून, वार्षिक भर्ती कैलेंडर, वन-टाइम परीक्षा फीस, पेपर लीक मामलों के लिए विशेष न्यायालय, स्वतंत्र भर्ती आयोग के गठन और छात्रसंघ चुनाव बहाल करने जैसी मांगें भी उठाईं।

पत्रकार वार्ता में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना तथा युवा मामलों की समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 29 June to 6 July 2026
Bhopal- 21 to 27 June 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन