भोपाल: सांसद कंगना रनौत के एक बयान को लेकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए कंगना रनौत का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बता दें प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सांसद कंगना रनौत ने आंदोलनकारी बेटियों के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। प्रदर्शनकारियों ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा के विपरीत बताया।
यह भी पढ़ें-
भोपाल किसान आंदोलन खत्म, सरकार ने मानी मांगें
वहीं जिला महिला कांग्रेस की महासचिव रूपाली शर्मा ने आरोप लगाया कि कंगना रनौत के बयान से देश के युवाओं और आंदोलनकारी बेटियों का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में इस प्रकार की भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं है।

महिला कांग्रेस ने कंगना रनौत से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और सांसद पद से इस्तीफा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में इस तरह के बयानों के प्रति जवाबदेही तय होनी चाहिए।
हालांकि, इस मामले में प्रदर्शन को लेकर कंगना रनौत की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

