जबलपुर: शहर में नामी ब्रांड PUMA के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर नकली कपड़े बेचने वाले कथित गिरोह का कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक दुकान मालिक और सप्लायर को गिरफ्तार कर 496 नकली कपड़े जब्त किए हैं। इनमें टी-शर्ट, लोवर और हुडी शामिल हैं।
एक्टिवा सवार सप्लायर पकड़ा गया
पुलिस को शहर में नकली ब्रांडेड कपड़ों की बिक्री की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई। चेकिंग के दौरान एक्टिवा सवार एक युवक को प्लास्टिक की बोरी के साथ पकड़ा गया। उसकी पहचान हनुमानताल के मिलौनीगंज निवासी तनिष्क जैन के रूप में हुई। तलाशी में बोरी से 36 नकली टी-शर्ट और 24 लोवर बरामद किए गए।
ये भी पढ़े भोपाल में डेंगू-मलेरिया पर सख्ती: खाली प्लॉट में जमा पानी मिला तो लगेगा जुर्माना, लापरवाहों पर भी कार्रवाई
गारमेंट्स दुकान पर दबिश
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी गढ़ाफाटक स्थित ‘बड़े बाबा गारमेंट्स’ से कपड़े लेकर सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस ने दुकान पर दबिश दी और दुकान मालिक खेमचंद जैन को गिरफ्तार किया।
दुकान की तलाशी में 300 नकली टी-शर्ट और 136 हुडी बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, दुकान मालिक ने पूछताछ में बरामद माल अपना होना स्वीकार किया है।
कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 और 63 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली कपड़ों की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

