Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में डेंगू-मलेरिया पर सख्ती: खाली प्लॉट में जमा पानी मिला तो...

भोपाल में डेंगू-मलेरिया पर सख्ती: खाली प्लॉट में जमा पानी मिला तो लगेगा जुर्माना, लापरवाहों पर भी कार्रवाई

भोपाल: राजधानी में डेंगू और मलेरिया जैसे मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने खाली प्लॉटों में पानी जमा मिलने पर नगर निगम को तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान खाली प्लॉटों और अन्य स्थानों पर जमा पानी मच्छरों के पनपने का कारण बनता है। ऐसे में नगर निगम को जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर तत्काल पानी निकासी और संबंधित लोगों पर जुर्माने की कार्रवाई करनी होगी।

ये भी पढ़े   मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: 10,620 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी, सिवनी-बालाघाट फोरलेन को हरी झंडी

कुपोषित बच्चों की मॉनिटरिंग खुद करेंगे कलेक्टर

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग की सेवाएं लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभियान आयोजित होगा, वहां कुपोषित बच्चों के फॉलोअप की निगरानी वे स्वयं करेंगे।

सबसे खराब प्रदर्शन वाले पांच पर्यवेक्षकों को नोटिस

पोषण सेवाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन के मामले में सबसे नीचे रहने वाले पांच पर्यवेक्षकों को नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं सितंबर में प्रस्तावित पल्स पोलियो अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला टास्क फोर्स के माध्यम से व्यापक तैयारी करने के निर्देश दिए गए।

सरकारी कर्मचारियों की बनेगी आभा पहचान संख्या

बैठक में उन शासकीय कर्मचारियों की भी समीक्षा की गई, जिनकी आभा पहचान संख्या अभी तक नहीं बनी है। कलेक्टर ने विशेष अभियान और शिविर लगाकर सभी कर्मचारियों की पहचान संख्या बनाने के निर्देश दिए।

वहीं टीबी मरीजों के पोषण और देखभाल से जुड़ी निक्षय पोषण योजना को मजबूत करने के लिए सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत सहयोग करने वाले संस्थानों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन ने साफ किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन