भुवनेश्वर/विशाखापट्टनम: आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट पर चक्रवाती तूफान अकवान ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच तूफान गोपालपुर तट से टकराया। तूफान का लैंडफॉल जारी है और अगले दो घंटे तक इसका असर रहने की आशंका है।
इस दौरान 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। तूफान को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन करीब 3 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। मौसम विभाग की निगरानी के बीच राहत और बचाव टीमें अलर्ट पर हैं।
तूफान के चलते तेज बारिश हो रही
इसके असर से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में तेज बारिश हो रही है। IMD के मुताबिक, तूफान पिछले 6 घंटों में 21kmph की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा है।
करीब तीन लाख लोगों लोगों को शिफ्ट किया गया
ओडिशा में करीब तीन लाख लोगों लोगों को शिफ्ट कर दिया गया है। इनके लिए 2,523 राहत शिविर बनाए गए हैं और 423 रेस्क्यू टीमें तैनात हैं। पूर्वी रेलवे ने 41 ट्रेनें जबकि दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं। वहीं, 29 का समय बदला है। चक्रवात का असर 10 राज्यों में रहेगा।
ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश में बढ़ी ठंड, पारा 7.2 डिग्री पहुंचा; 22 नवंबर तक 10 जिलों में बारिश का अलर्ट
तटीय इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही
साइक्लोन अकवान के असर से साउथ 24 परगना जिले के अलग-अलग हिस्सों में भारी से हल्की बारिश जारी है।
सुंदरबन के तटीय इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। नदियों और समुद्र में भी पानी का लेवल बढ़ गया है। प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
बक्खाली और गंगासागर समेत बड़े टूरिस्ट जगहों पर नहाने के लिए लोगों को पानी में जाने से रोकने के लिए खास निगरानी भी की जा रही है।
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के तट पर 20-30kmph की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और समुद्र में लहरें उठ रही हैं।
विशाखापट्टनम पर साइक्लोन का खतरा टल गया है, लेकिन आज पूरे उत्तरी आंध्र में आंधी-बारिश होने की आशंका है।

