सिवनी: सिवनी जिले में जन्माष्टमी के दिन एक दर्दनाक हादसे में पिता और बेटी की मौत हो गई। कुरई थाना क्षेत्र के ग्राम खापा में 20 वर्षीय युवती कुएं में गिर गई। बेटी को बचाने के लिए उसके पिता ने भी कुएं में छलांग लगा दी। गहरे पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
बेटी की चीख सुनकर कुएं में कूदे पिता
जानकारी के अनुसार, खापा निवासी रोशन लाल पटले (50) की बेटी चेतना पटले (20) शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे घर के पास स्थित कुएं में गिर गई। चेतना सिवनी के एक कॉलेज में बीएससी की छात्रा थी।
बेटी को कुएं में गिरता देख उसकी चीख सुनकर पिता रोशन लाल उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में कूद गए। उन्होंने बेटी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके।
बारिश के कारण पानी से लबालब था कुआं
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही थी। इसके चलते कुएं में पानी का स्तर काफी बढ़ गया था। गहरे पानी में डूबने से पिता और बेटी की मौत हो गई।
यह भी पढ़े: 284 चुनाव लड़ने वाले ‘धरती पकड़’ का निधन, इंदिरा से अटल तक दिग्गजों को दी थी चुनौती
ग्रामीणों ने दोनों शव बाहर निकाले
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कुरई थाना प्रभारी कृपाल सिंह तेकाम पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव कुएं से बाहर निकाले गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जन्माष्टमी के पर्व पर एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से खापा गांव में शोक का माहौल है। हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

