भोपाल/नई दिल्ली: दीपावली के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दक्षिण भारत और दिल्ली के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। कोच्चुवेली से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली इस ट्रेन के दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे होंगे। ट्रेन का ठहराव मध्य प्रदेश में इटारसी और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर भी रहेगा। इससे भोपाल, इटारसी और आसपास के यात्रियों को दक्षिण भारत से दिल्ली तक सफर के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
2, 9 और 16 नवंबर को कोच्चुवेली से चलेगी ट्रेन
पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल के अनुसार, गाड़ी संख्या 06073 कोच्चुवेली-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल 2, 9 और 16 नवंबर को कोच्चुवेली से दोपहर 2 बजे रवाना होगी। निर्धारित मार्ग से होते हुए ट्रेन तीसरे दिन सुबह 6:10 बजे इटारसी और 7:45 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद रात 11:50 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
5, 12 और 19 नवंबर को दिल्ली से वापसी
वापसी में गाड़ी संख्या 06074 हजरत निजामुद्दीन-कोच्चुवेली स्पेशल 5, 12 और 19 नवंबर को सुबह 5:45 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। ट्रेन उसी दिन रात 8:40 बजे रानी कमलापति और 10:35 बजे इटारसी स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद तीसरे दिन शाम 4:30 बजे कोच्चुवेली पहुंचेगी।
18 एलएचबी कोच से चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन में कुल 18 एलएचबी कोच होंगे। इनमें 10 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, छह वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी और दो जनरेटर कार शामिल हैं। ट्रेन का संचालन विशेष व्यवस्था के तहत किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: बिजली बिल वसूली करने गई टीम पर हमला, कर्मचारियों को घसीटकर पीटा; किसान और बेटे पर केस दर्ज
कई राज्यों के प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
यह ट्रेन केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से होकर गुजरेगी। रास्ते में कोल्लम, कोट्टायम, एरणाकुलम टाउन, तृश्शूर, पालक्काड, ईरोड, सेलम, रेणिगुंटा, विजयवाड़ा, नागपुर, इटारसी, रानी कमलापति, झांसी, ग्वालियर, आगरा छावनी और मथुरा सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी और सीटों की उपलब्धता की जानकारी आधिकारिक रेलवे वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) या हेल्पलाइन नंबर 139 से प्राप्त कर लें।

