श्योपुर: किला रोड स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष और रसोइया नसीर बानो ने अपने पति इस्माइल के साथ मिलकर स्कूल के प्राचार्य कमलजीत सिसोदिया से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भोजन की गुणवत्ता सुधारने को कहा था
प्राचार्य के अनुसार, स्कूल के बच्चों से लगातार मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत मिल रही थी। बच्चे खाना पसंद नहीं कर रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे उन्होंने नसीर बानो से भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए कहा।
प्राचार्य का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने जिला पंचायत और कलेक्ट्रेट में लिखित शिकायत भी की थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर नसीर बानो और उनके पति इस्माइल नाराज हो गए।
पति ने पकड़ा कॉलर, रसोइया ने चप्पल से पीटा
प्राचार्य के मुताबिक, दंपती ने पहले स्कूल में चल रहा पुताई का काम रुकवाया और उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर इस्माइल ने उनका कॉलर पकड़ लिया और उन्हें गिराने की कोशिश की। इसी दौरान नसीर बानो ने चप्पल निकालकर प्राचार्य की पिटाई शुरू कर दी।
प्राचार्य ने बताया कि मारपीट से बचने के लिए उन्हें स्कूल परिसर में भागना पड़ा। इस दौरान उनकी पीठ में चोट आई। मौके पर मौजूद शिक्षिकाओं मीनू चौधरी, नरगिस आरा, मनोरमा गुप्ता और पुताई कर रहे मजदूर प्रीतम ने बीच-बचाव किया।
यह भी पढ़े: BRICS Summit 2026: दिल्ली में मोदी-पुतिन-जिनपिंग की मुलाकात, दुनिया की आधी आबादी वाले समूह की बढ़ती ताकत
छात्रों के साथ थाने पहुंचे प्राचार्य
घटना के बाद प्राचार्य छात्रों के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने नसीर बानो और उनके पति इस्माइल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद घटना चर्चा में है। पुलिस शिकायत और सामने आए वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

