भोपाल: मध्यप्रदेश में विभागीय नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे कर्मचारियों को परीक्षा के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने भर्ती परीक्षा की तारीख करीब दो महीने आगे बढ़ा दी है। अब यह परीक्षा 14 नवंबर 2026 के बजाय 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। पटवारी संघ की मांग और राजस्व विभाग की सहमति के बाद मंडल ने यह फैसला लिया है। इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
पटवारी संघ ने मांगा था अतिरिक्त समय
राजस्व विभाग के अंतर्गत सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से नायब तहसीलदारों की नियुक्ति की जानी है। पटवारी संघ ने परीक्षा की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग की थी। राजस्व विभाग ने इस मांग पर सहमति जताई, जिसके बाद कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा की नई तारीख निर्धारित की। अभ्यर्थियों को अब 10 जनवरी 2027 के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार तैयारी करनी होगी।
इन विभागों के कर्मचारी होंगे शामिल
यह भर्ती परीक्षा राजस्व मंडल, आयुक्त भू-अभिलेख, प्रमुख राजस्व आयुक्त, संभागायुक्त और कलेक्टर कार्यालयों में पदस्थ कर्मचारियों के लिए आयोजित की जा रही है। इसमें लिपिक वर्गीय सेवाओं के कर्मचारियों के अलावा पटवारी और राजस्व निरीक्षक संवर्ग के कर्मचारी भी शामिल हो सकेंगे। सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के जरिए इन कर्मचारियों को नायब तहसीलदार बनने का अवसर मिलेगा।
पुलिस भर्ती के याचिकाकर्ताओं को भी मौका
इधर, कर्मचारी चयन मंडल ने पुलिस भर्ती परीक्षा से जुड़ी याचिकाएं दायर करने वाले अभ्यर्थियों को भी ऑनलाइन आवेदन का अवसर दिया है। पुलिस आरक्षक, पुलिस आरक्षक (चालक), सूबेदार (स्टेनोग्राफर) और सहायक उपनिरीक्षक भर्ती के याचिकाकर्ता अभ्यर्थी गुरुवार तक आवेदन कर सकेंगे। उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में मंडल ने इनके लिए पोर्टल पर आवेदन की सुविधा शुरू की है।
ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश के नए डीजीपी के लिए 11 आईपीएस अफसरों में मुकाबला, 20 नवंबर को यूपीएससी बनाएगा तीन नामों का पैनल
आरक्षक के 7500 पदों के लिए 7.54 लाख आवेदन
पुलिस आरक्षक के 7,500 पदों के लिए अब तक करीब 7.54 लाख आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। भर्ती प्रक्रिया को लेकर कुछ अभ्यर्थियों ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। अदालत के आदेश के बाद केवल याचिकाकर्ताओं को आवेदन का अवसर दिया गया है।
वहीं, पुलिस आरक्षक (चालक) के 1,040 पदों और सूबेदार व सहायक उपनिरीक्षक भर्ती के लिए भी याचिकाकर्ता अभ्यर्थियों को आवेदन की अनुमति मिली है। सूबेदार और उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए अब तक 1,54,180 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इन परीक्षाओं के याचिकाकर्ता भी गुरुवार तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

