मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहा नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलखूंटा में पारिवारिक तनाव अचानक हिंसा में बदल गया। एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी और उसकी बुआ पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गई हैं।
कोर्ट से लौटने के बाद भड़का विवाद
जानकारी के मुताबिक पति-पत्नी के बीच काफी समय से मतभेद चल रहे थे। मामला अदालत तक पहुंच चुका था और इसी सिलसिले में दोनों की न्यायालय में पेशी हुई थी। पेशी के बाद पत्नी ममता अपनी बुआ के साथ ग्राम पीपलखूंटा पहुंची थी। जिसके बाद पति राजूनाथ भी वहां पहुंचा और कहासुनी के दौरान पहले पत्नी ममता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब ममता की बुआ उसे बचाने आगे आईं, तो आरोपी ने उनके ऊपर भी पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया।
लोगों ने बचाई जान
आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए आग बुझाने की कोशिश की और दोनों महिलाओं को बचाया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहा दोनों महिलाओं का उपचार जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नाहरगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है और पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच की जाएगी।


