वॉशिंगटन/तेहरान। मध्य पूर्व में एक बार फिर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए दावा किया है कि ‘आज की रात ईरान के लिए बेहद कठिन होने वाली है।’ ट्रंप के इस बयान के बाद वैश्विक स्तर पर सुरक्षा, तेल बाजार और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
ईरान के सैन्य सिस्टम कमजोर- ट्रंप
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए अपने संदेश में ट्रंप ने कहा कि ईरान की नौसेना, एयर डिफेंस सिस्टम, रडार और कई सैन्य क्षमताओं को गंभीर नुकसान पहुंचाया जा चुका है। साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि ऊर्जा और तेल से जुड़े रणनीतिक ठिकाने भी निशाने पर हो सकते हैं।

बता दें हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। जहां एक ओर कूटनीतिक बातचीत की उम्मीदें जताई जा रही थीं, वहीं ताजा घटनाक्रम ने हालात को फिर से युद्ध जैसे माहौल में पहुंचा दिया है। क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं और कई देशों ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
होर्मुज स्ट्रेट बना वैश्विक चिंता का केंद्र
वहीं ईरान ने दावा किया है कि क्षेत्रीय सुरक्षा हालात को देखते हुए होर्मुज स्ट्रेट पर निगरानी बढ़ा दी गई है। यह समुद्री मार्ग दुनिया की तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है। किसी भी प्रकार की बाधा का सीधा असर वैश्विक तेल कीमतों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ सकता है।

