Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsनौतपा का डबल असर: दिन में झुलसा रही गर्मी, कल से आंधी-बारिश...

नौतपा का डबल असर: दिन में झुलसा रही गर्मी, कल से आंधी-बारिश के आसार

भोपाल। मप्र में नौतपा के शुरुआती दिनों में मौसम का मिजाज दोहरा नजर आ रहा है। एक ओर प्रदेश भीषण गर्मी से तप रहा है, वहीं दूसरी ओर प्री-मानसून गतिविधियों ने मौसम में बदलाव के संकेत दे दिए हैं। प्रदेश के 16 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है।

खजुराहो-नौगांव सबसे ज्यादा गर्म

छतरपुर का खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नौगांव में पारा 45.6 डिग्री तक पहुंच गया। दतिया में 45.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि दमोह, सतना और टीकमगढ़ में भी पारा 45 डिग्री के आसपास बना रहा। रीवा में 44.8 डिग्री और राजगढ़ में 44.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। ग्वालियर, श्योपुर, गुना, नरसिंहपुर, सागर, मंडला, मुरैना और रायसेन समेत कई जिलों में भी भीषण गर्मी का असर बना रहा। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.1 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल में 43.2 डिग्री, जबलपुर में 43.9 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

28 मई से बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से प्रदेश में प्री-मानसून एक्टिविटी तेज होने के आसार हैं। इसके चलते कई जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इससे तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है, हालांकि उमस बढ़ सकती है।

नौतपा में पहले भी बदलता रहा है मौसम

राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई हिस्सों में नौतपा के दौरान बारिश या बूंदाबांदी का सिलसिला नया नहीं है। पिछले 14 वर्षों में 7 बार नौतपा के दौरान बारिश दर्ज की गई, जबकि 2 बार हल्की बूंदाबांदी हुई थी। हालांकि 2018 और 2019 में नौतपा के दौरान रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ी थी और औसत तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था।

गर्मी और राहत साथ-साथ

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार नौतपा में एक तरफ लू और तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर प्री-मानसून गतिविधियां राहत के संकेत भी दे रही हैं। आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।

इन जिलों में लू का अलर्ट

रेड अलर्ट: निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा।

ऑरेंज अलर्ट: ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, सीधी, सिंगरौली, मंडला, बालाघाट समेत 19 जिले।

येलो अलर्ट: भोपाल, उज्जैन, विदिशा, रायसेन, सीहोर, देवास, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर सहित 22 जिले।

दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह

मौसम विज्ञानियों ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलें, पर्याप्त पानी पीते रहें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों को खास सतर्क रहने को कहा गया है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन