देहरादून: उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। लोक भवन में आयोजित समारोह में हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें शपथ दिलाई। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़ा। डॉ. बिसेन उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल बने हैं।
उत्तराखंड पहुंचने पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
यह भी पढ़ें: रणजी ट्रॉफी: मिजोरम के चिन्मय सुतार ने जड़े नाबाद 400 रन, 78 साल बाद भारतीय बल्लेबाज ने किया कारनामा
मध्य प्रदेश में रह चुके हैं कैबिनेट मंत्री
14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में जन्मे डॉ. बिसेन पेशे से चिकित्सक और कृषक हैं। भारतीय जनता पार्टी से जुड़े बिसेन 1990 से 2008 के बीच चार बार मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य चुने गए। उन्होंने प्रदेश सरकार में वन, परिवहन एवं खनिज तथा स्कूल शिक्षा एवं जेल विभागों के कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई। मई 2019 में वह 17वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 12 अक्टूबर को उन्हें उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया था। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है।

