गुलाबगंज: विदिशा जिला के गुलाबगंज तहसील में अल्प वर्षा एवं फसलों में रोग के कारण किसानों को हुए नुकसान को लेकर आज किसान कांग्रेस के नेतृत्व में किसानों ने बर्री चौराहे से रैली निकालकर गुलाबगंज तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनीत दांगी ने कहा कि गुलाबगंज तहसील में इस वर्ष बारिश की स्थिति बेहद चिंताजनक रही है। अल्प वर्षा के कारण खेतों में पर्याप्त नमी नहीं है और सोयाबीन सहित खरीफ फसलों पर गंभीर असर पड़ा है। कई क्षेत्रों में पीला मोजेक एवं अन्य रोगों के कारण भी किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
विनीत दांगी ने कहा कि किसानों की समस्या का आकलन केवल ग्रामवार बारिश के आंकड़ों तक सीमित नहीं होना चाहिए। पूरे गुलाबगंज तहसील क्षेत्र का समग्र सर्वे कराया जाए, जिसमें वर्षा की कमी के साथ खेतों में नमी की स्थिति, फसल नुकसान, रोगों से हुई क्षति तथा आने वाले समय में रबी फसल के लिए उपलब्ध सिंचाई के साधनों और जलस्रोतों की स्थिति का भी आकलन किया जाए। उन्होंने मांग की कि वास्तविक स्थिति के आधार पर पूरी गुलाबगंज तहसील को सूखा प्रभावित घोषित किया जाए तथा प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा, फसल बीमा एवं कृषि राहत उपलब्ध कराई जाए।
यह भी पढ़ें : वनभूमि पर अतिक्रमण से गोचर का रास्ता बंद, पशुपालकों ने दिया ज्ञापन
ज्ञापन में गुलाबगंज तहसील को सूखा प्रभावित घोषित करने, पूरे तहसील क्षेत्र का समग्र फसल सर्वे कराने, पीला मोजेक एवं अन्य रोगों से हुए नुकसान का आकलन करने, प्रभावित किसानों को मुआवजा एवं फसल बीमा की राशि दिलाने तथा कृषि राहत उपलब्ध कराने की मांग की गई।

