किरनापुर पुलिस की बड़ी सफलता, तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच से हुआ खुलासा; दो आरोपी अब भी फरार
बालाघाट: थाना किरनापुर पुलिस ने डबल मनी के लालच में एक बुजुर्ग महिला पर हुए जानलेवा हमले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो चाकू और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जबकि मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बालाघाट के निर्देश पर जिले में गंभीर एवं संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और त्वरित विवेचना के तहत यह कार्रवाई की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर साइबर सेल, एफएसएल टीम और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मामले का पर्दाफाश किया गया।
घर में अकेली महिला पर किया था हमला
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को ग्राम कलकत्ता निवासी दिलीप पन्द्रे ने थाना किरनापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे ग्राम कलकत्ता निवासी लीलाबाई महेश्वरे (48 वर्ष) घर में अकेली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुस आया और महिला का मुंह दबाकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर, हाथ और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। घायल महिला को डायल-112 की सहायता से तत्काल शासकीय अस्पताल किरनापुर पहुंचाया गया।
इस मामले में थाना किरनापुर में अपराध क्रमांक 227/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 118(1) एवं 333 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मोबाइल और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
घटनास्थल का एफएसएल टीम द्वारा वैज्ञानिक निरीक्षण कराया गया। मौके से मिले मोबाइल फोन और साइबर सेल की तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने संदेही वंश कुथे, निवासी रजेगांव, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
डबल मनी की अफवाह बनी वारदात की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि लीलाबाई महेश्वरे के घर में तथाकथित “डबल मनी” योजना से प्राप्त बड़ी रकम जमीन में गाड़कर रखी गई है। इसी लालच में सभी आरोपियों ने योजना बनाकर रात के समय हथियारों से लैस होकर महिला के घर में घुसकर हमला किया और धन की तलाश की।
9 आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में शामिल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में वंश कुथे, विजय गोन्दुडे उर्फ मामाजी, धनेश्वर पांचे, रविन्द्र उर्फ रवि वागडे, अंकित राहंगडाले, रामसिंह मरस्कोले, राजेश उर्फ नानू भैया बिसेन, नितेन्द्र उर्फ गोलू अगासे तथा आर्यन कुथे शामिल हैं।
आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो चाकू एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
दो आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार, इस मामले में शुभम हिंगे एवं रामा भोयर, दोनों निवासी रजेगांव, अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इन धाराओं में मामला दर्ज
प्रकरण में प्रारंभिक रूप से भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(1) एवं 333 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर धारा 331(6), 310(2), 109, 311 एवं 61(2) भी प्रकरण में जोड़ी गई हैं।
किरनापुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को जिले में गंभीर अपराधों के शीघ्र खुलासे की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

