जयपुर: एयरपोर्ट पर रविवार सुबह एअर इंडिया की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान भोपाल से दिल्ली के लिए उड़ान भर रहा था। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला किया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
उड़ान के दौरान सामने आई तकनीकी खराबी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान के उड़ान भरने के बाद तकनीकी समस्या सामने आई। इसके बाद पायलट ने जोखिम नहीं लेते हुए जयपुर में विमान उतारने का निर्णय लिया। शुरुआती तौर पर इंजन में खराबी की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विमान के सुरक्षित उतरने के बाद तकनीकी टीम ने इसकी जांच शुरू करने की तैयारी की। जांच के बाद ही खराबी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़े: शराब दुकान पर ग्रामीणों का धावा, शराब और सामान फूंका; जमकर मारपीट
इंजन फेलियर की आधिकारिक पुष्टि नहीं
एअर इंडिया या जयपुर एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से फिलहाल इंजन फेलियर की पुष्टि नहीं की गई है। विमान में कितने यात्री सवार थे और तकनीकी समस्या किस वजह से आई, इसकी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है।
फिलहाल विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग के बाद संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

