भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मूंग खरीद की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। होशंगाबाद (नर्मदापुरम) रोड पर किसान मंगलवार रात से धरने पर बैठे हुए हैं। प्रदर्शनकारी किसानों ने सड़क के दोनों ओर जाम लगा दिया है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, होशंगाबाद से बड़ी संख्या में किसान मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए भोपाल पहुंचे थे। हालांकि पुलिस ने उन्हें आरआरएल तिराहे पर ही रोक दिया। इसके बाद किसान वहीं धरने पर बैठ गए और पूरी रात आंदोलन जारी रखा।
ये भी पढ़े
MP में IAS अफसरों का बड़ा फेरबदल: 3 जिलों को मिले नए कलेक्टर
आंदोलन के चलते राजधानी में आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कई स्कूलों ने भी छात्रों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने जारी किया रूट डायवर्जन यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए भोपाल पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं:
- नर्मदापुरम रोड से आने वाले वाहन 11 मील बाईपास, खजूरी कला, एसओएस रोड और पिपलानी मार्ग का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
- मिसरोद गांव और भोपाल विश्वविद्यालय के बीच स्थित कॉलोनियों के निवासी बावड़ियां कला ब्रिज के माध्यम से कोलार और 10 नंबर क्षेत्र की ओर आवागमन कर सकते हैं।
- एमपी नगर से नर्मदापुरम रोड जाने वाले वाहन गोविंदपुरा, पिपलानी, पटेल नगर और खजूरी कला मार्ग का उपयोग करें।
- एम्स भोपाल जाने वाले वाहन कटारा हिल्स, बागसेवनिया तथा आरआरएल ब्रिज के नीचे से बाईं ओर मुड़कर निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से आवागमन कर सकते हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से आंदोलन स्थल की ओर न जाएं और यातायात पुलिस द्वारा जारी वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

