भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 8 IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में छतरपुर, शहडोल और बालाघाट को नए कलेक्टर मिले हैं। वहीं, दो दिन पहले जारी आदेश में शहडोल कलेक्टर बनाई गईं IAS मिशा सिंह की पोस्टिंग भी संशोधित कर दी गई है। नए आदेश के अनुसार उन्हें अपर आयुक्त, नगरीय विकास एवं आवास विभाग, भोपाल पदस्थ किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मिशा सिंह ने गर्भावस्था (प्रेग्नेंसी) के चलते भोपाल या इंदौर में पदस्थापना का अनुरोध किया था, जिसके बाद सरकार ने संशोधित आदेश जारी किया।
3 जिलों में नए कलेक्टर
ताजा आदेश के अनुसार पार्थ जायसवाल को छतरपुर से शहडोल कलेक्टर बनाया गया है। वहीं मृणाल मीणा अब छतरपुर के नए कलेक्टर होंगे। कुमार सत्यम को बालाघाट कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा आदित्य गर्ग को मंदसौर कलेक्टर पद से हटाकर मध्य प्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के परियोजना संचालक और राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड के CEO की जिम्मेदारी दी गई है।
यह भी पढ़ें-
दतिया उपचुनाव: वोटिंग से पहले आज आखिरी सियासी जंग, 30 जुलाई को जनता करेगी लोकतंत्र का फैसला
खाद्य, तकनीकी शिक्षा और सामान्य प्रशासन विभाग में भी बदलाव
सरकार ने कई अहम विभागों में भी नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। दिनेश जैन को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में नई जिम्मेदारी मिली है। गिरीश शर्मा को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। अंकित अस्थाना को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें कर्मचारी चयन मंडल के संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

स्वरोचिष सोमवंशी को अतिरिक्त जिम्मेदारी
सरकार ने स्वरोचिष सोमवंशी को आयुक्त, आर्थिक एवं सांख्यिकी के साथ राज्य योजना आयोग के सचिव तथा अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। यह जिम्मेदारी पहले ऋषि गर्ग के पास थी।
प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी
सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से जिलों में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ेगी और विभिन्न विभागों के कामकाज में बेहतर समन्वय स्थापित होगा। नए अधिकारियों से सुशासन, जनसेवा और विकास परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

