ग्वालियर। बरेठा टोल प्लाजा पर सोमवार देर रात दो बाइक सवार अज्ञात युवकों द्वारा की गई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। हेलमेट लगाए एक युवक ने टोल बूथ के बाहर तीन राउंड गोलियां चलाईं और उसके बाद एक चिट्ठी फेंककर फरार हो गया। पत्र में लिखा था हाईवे बनाओ या टोल हटाओ साथ ही चिट्ठी में ग्वालियर-भिंड हाईवे के निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जाहिर की गई।
चिट्ठी में आकाश भदौरिया की घटनाओं का हवाला देते हुए चेतावनी दी गई कि यदि हाईवे का काम नहीं शुरू हुआ तो इससे भी बड़ा कदम उठाया जाएगा। घटना के बाद टोल कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर 27 फरवरी को मेहगांव में महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें स्थानीय नागरिक और सामाजिक संगठन आगे की रणनीति पर विचार करेंगे। पुलिस प्रशासन ने कहा कि कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्वालियर बरेठा टोल प्लाजा पर फायरिंग, हाईवे निर्माण की मांग वाला पत्र फेंककर आरोपी फरार


