जालंधर: भारतीय सेना ने ड्रोन युद्धक क्षमता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पंजाब में अपनी पहली ‘बाज बटालियन’ का गठन किया है। यह विशेष ड्रोन यूनिट जालंधर स्थित 11वीं कोर यानी वज्र कोर के तहत काम करेगी। इसका मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में हवाई निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और जरूरत के अनुसार युद्धक्षेत्र में ड्रोन संचालन की क्षमता बढ़ाना है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद ड्रोन क्षमता पर जोर
सेना ने यह कदम ऑपरेशन सिंदूर के बाद अपनी युद्धक क्षमताओं में किए जा रहे बदलावों के तहत उठाया है। सेना अब ड्रोन को युद्धक्षेत्र में निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया के साथ-साथ लंबी दूरी की क्षमताओं के लिए भी अधिक व्यवस्थित तरीके से इस्तेमाल करने पर जोर दे रही है।
‘बाज’ बटालियन में ड्रोन संचालन के लिए प्रशिक्षित विशेषज्ञ जवान और तकनीकी कर्मी होंगे। यह यूनिट अलग-अलग तरह के मानवरहित हवाई प्रणालियों के संचालन, रखरखाव और उनसे मिलने वाली जानकारी के इस्तेमाल को बेहतर तरीके से समन्वित करेगी।
ये भी पढ़े भोपाल में पीएम ई-बस सेवा का हुआ विस्तार, 3 रूट पर 10 नई बसें हुई शुरू
पाकिस्तान सीमा पर लगातार निगरानी
जालंधर की 11वीं कोर पंजाब की पश्चिमी सीमा की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार प्रमुख सैन्य संरचनाओं में से एक है। नई बटालियन का गठन पाकिस्तान से लगे संवेदनशील पश्चिमी मोर्चे पर लगातार हवाई निगरानी और बेहतर परिस्थितिजन्य जागरूकता बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सेना के अनुसार, ‘बाज’ बटालियन भविष्य के युद्धक्षेत्र में हवाई बढ़त, तेज प्रतिक्रिया और तकनीकी क्षमता को मजबूत करेगी।
किन ड्रोन का हो सकता है इस्तेमाल?
रक्षा रिपोर्टों के अनुसार, ऐसी बटालियनों में अलग-अलग श्रेणी के ड्रोन शामिल किए जा सकते हैं। इनमें हेरॉन और हर्मीस जैसे निगरानी ड्रोन, लंबी दूरी के मानवरहित विमान तथा भारत में विकसित मानवरहित प्रणालियां शामिल हो सकती हैं। हालांकि, जालंधर की नई बटालियन में इस्तेमाल होने वाले सभी प्लेटफॉर्म की आधिकारिक सूची सार्वजनिक नहीं की गई है।
ड्रोन हमलों के खिलाफ भी मजबूत हो रही तैयारी
भारतीय सेना ड्रोन से पैदा होने वाले खतरे से निपटने के लिए काउंटर-ड्रोन सिस्टम पर भी काम कर रही है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमलों के प्रयासों को भारत के एकीकृत काउंटर-यूएएस और एयर डिफेंस सिस्टम ने निष्क्रिय किया था।
नई ‘बाज बटालियन’ इसी व्यापक बदलाव का हिस्सा है, जिसमें सेना निगरानी, ड्रोन संचालन और भविष्य के ड्रोन युद्ध के लिए विशेषज्ञ क्षमता विकसित कर रही है।

