मुंबई। बॉलीवुड के दमदार अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का मोशन पोस्टर रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन गया है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही इस पीरियड ड्रामा फिल्म के जरिए निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की प्रतिष्ठित जोड़ी लगभग 30 साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ लौट रही है।
जानकारी अनुसार, फिल्म भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है और एक ऐसे नायक की कहानी दिखाती है, जिसने नफरत, हिंसा और भय के दौर में भी साहस और इंसानियत का रास्ता चुना। मोशन पोस्टर में देशभक्ति, संघर्ष और भावनाओं का गहरा मिश्रण देखने को मिला, जिसने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
दमदार स्टारकास्ट से सजी फिल्म
बता दें ‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और करण देओल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि पहली बार सनी देओल और उनके बेटे करण देओल किसी फिल्म में साथ स्क्रीन शेयर करते दिखाई देंगे।
वहीं राजकुमार संतोषी और सनी देओल ने भारतीय सिनेमा को घायल, दामिनी और घातक जैसी यादगार फिल्में दी हैं। अब तीन दशक बाद यह जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के सामने एक ऐतिहासिक और भावनात्मक कहानी लेकर आ रही है।
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी क्रिएटिव टीम भी है। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित कर रहे हैं।
AI पोस्टर को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद
मोशन पोस्टर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर जहां कई फैंस फिल्म को लेकर उत्साहित नजर आए, वहीं कुछ यूजर्स ने पोस्टर में कथित तौर पर AI तकनीक के इस्तेमाल पर नाराजगी भी जताई।
कई फैंस का कहना है कि फिल्म जैसी बड़ी परियोजना के लिए अधिक रचनात्मक और वास्तविक पोस्टर डिजाइन की उम्मीद थी। वहीं कुछ दर्शकों ने फिल्म का पुराना नाम ‘लाहौर 1947’ बदलकर ‘बंटवारा 1947′ करने पर भी सवाल उठाए हैं।
कब रिलीज होगी फिल्म?
सूत्रों के मुताबिक, भारत के विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले रिलीज होने जा रही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग की दावेदार मानी जा रही है।

