Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsपन्ना में निर्माणाधीन कुएँ की मिट्टी धंसने से पांच मज़दूरों की मौत,...

पन्ना में निर्माणाधीन कुएँ की मिट्टी धंसने से पांच मज़दूरों की मौत, गांव में छाया मातम

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना ज़िले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। अजयगढ़ विकासखंड के बीहरपुरवा ग्राम पंचायत अंतर्गत नयापुरवा गांव में निर्माणाधीन कुएं की मिट्टी अचानक धंस गई। जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

अचानक भरभराकर गिरी मिट्टी

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के खेत में पिछले करीब दस दिनों से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। मंगलवार दोपहर मजदूर कुएं के भीतर काम कर रहे थे, तभी अचानक आसपास की मिट्टी भरभराकर गिरने लगी। देखते ही देखते कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत बचाव में जुट गए और अपने स्तर पर मिट्टी हटाकर मजदूरों को निकालने की कोशिश करने लगे।

प्रशासन पर देरी का आरोप

वहीं ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे के कई घंटे बाद तक प्रशासनिक राहत दल मौके पर नहीं पहुंचा। शुरुआती रेस्क्यू ऑपरेशन गांव वालों ने खुद संभाला। परिजनों का कहना है कि अगर समय पर राहत कार्य शुरू होता तो शायद कुछ लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

मृतकों में गांव के ही मजदूर शामिल

अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार हादसे में गांव के चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव, चुनवाद पाल समेत पांच मजदूरों की मौत हुई है। पूरे गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। मृतकों के परिजनों का आरोप है कि मजदूरों को अधिक मजदूरी का लालच देकर जोखिम भरे कुएं में काम कराया जा रहा था।

पहले से कमजोर थी कुएं की स्थिति

साथ ही ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल भी यहां खुदाई का काम हुआ था और कुएं में पानी भरने की वजह से मिट्टी कमजोर हो चुकी थी। इसी कारण कई मजदूर वहां काम करने से डर रहे थे। एक मृतक के रिश्तेदार राकेश यादव ने बताया कि पंचायत के माध्यम से काम ठेकेदार को दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि खतरे की जानकारी होने के बावजूद सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए।

इस हादसे के बाद निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुएं के आसपास मिट्टी धंसने की आशंका पहले से थी, लेकिन प्रशासन और ठेकेदार ने इसे नजरअंदाज किया। फिलहाल प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और राहत-बचाव कार्य जारी है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन