Sunday, November 1, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsगंगा एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस पलटी, 19 घायल; छह...

गंगा एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस पलटी, 19 घायल; छह की हालत गंभीर

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में रविवार को गंगा एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ऐहार के पास श्रद्धालुओं से भरी एक मिनी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 19 यात्री घायल हो गए। इनमें छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, मिनी बस में कुल 26 लोग सवार थे। सभी यात्री पश्चिम बंगाल के हावड़ा और कोलकाता के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये लोग मथुरा-वृंदावन में दर्शन करने के बाद वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर ऐहार के पास बस हादसे का शिकार हो गई।

चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक को अचानक झपकी आ गई, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

छह घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इस दौरान छह यात्रियों की हालत गंभीर मिलने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गंभीर घायलों में सेयम सिंह, पुरखित पांजा, उत्तम दिलोई, रोमा, सोनाली और वंदना शामिल हैं।

हादसे में कई महिलाएं और बच्चे भी घायल हुए हैं। अन्य घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

यह भी पढ़ें: फैक्ट्रियों के रासायनिक पानी से नर्मदा प्रदूषित होने का आरोप, कालियादेह नदी के रास्ते पहुंच रहा दूषित पानी

पुलिस ने बस कब्जे में ली, यातायात सामान्य

प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के मुताबिक, हादसे में घायल सभी यात्रियों का इलाज कराया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात भी सामान्य करा दिया गया।

फिलहाल चालक को झपकी आने की बात हादसे की शुरुआती वजह मानी जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन