नई दिल्ली: देश में जीएसटी कलेक्शन लगातार मजबूत बना हुआ है। सितंबर 2026 में कुल जीएसटी कलेक्शन 14.7 प्रतिशत बढ़कर 2,03,521 करोड़ रुपये पहुंच गया। यह लगातार तीसरा महीना है, जब देश का मासिक जीएसटी कलेक्शन 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में केंद्रीय जीएसटी से 37,762 करोड़ रुपये और राज्य जीएसटी से 45,363 करोड़ रुपये मिले। वहीं, एकीकृत जीएसटी का कलेक्शन 1,20,396 करोड़ रुपये रहा।
घरेलू कारोबार से भी बढ़ी टैक्स कमाई
सितंबर में घरेलू बाजार से मिलने वाले जीएसटी में 10.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 1.38 लाख करोड़ रुपये रहा। रिफंड के बाद सरकार की शुद्ध जीएसटी कमाई 1,76,520 करोड़ रुपये रही। इसमें पिछले साल सितंबर की तुलना में 18.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
जीएसटी कलेक्शन में बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है। इस दौरान बाजार में खरीदारी और कारोबार बढ़ने से टैक्स कलेक्शन को भी सहारा मिला है।
अप्रैल-सितंबर में 12.46 लाख करोड़ रुपये जुटे
चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच कुल 12,46,278 करोड़ रुपये का सकल जीएसटी कलेक्शन हुआ। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 11.6 प्रतिशत ज्यादा है।
इससे पहले अगस्त में जीएसटी कलेक्शन 1,99,853 करोड़ रुपये रहा था। इसमें सालाना आधार पर 14.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई थी।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर दान मामले में चंपत राय के खिलाफ याचिका: सुप्रीम कोर्ट 2 नवंबर को करेगा सुनवाई
7 अक्टूबर को जीएसटी काउंसिल की बैठक
अब 7 अक्टूबर को होने वाली जीएसटी काउंसिल की बैठक पर कारोबारियों और उद्योग जगत की नजर है। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी। इसमें जीएसटी से जुड़े नियमों और टैक्स व्यवस्था को आसान बनाने पर चर्चा हो सकती है। ई-इनवॉइसिंग और इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़े नियमों में बदलाव पर भी विचार किया जा सकता है।

