मुबंई। वाशु भगनानी की कंपनी पूजा एंटरटेनमेंट ने आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर बड़ा कानूनी कदम उठाया है। फिल्म की रिलीज से ठीक पहले प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने फिल्म मेकर्स,टिप्स इंडस्ट्रीज और डायरेक्टर डेविड धवन के खिलाफ 400 करोड़ रुपए का मुकदमा दायर कर दिया है। इतना ही नहीं, फिल्म की रिलीज, प्रमोशन और गानों के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग भी अदालत में की गई है।
गानों के राइट्स को लेकर बढ़ा विवाद
जानकारी अनुसार, पूरे विवाद की जड़ 1999 की सुपरहिट फिल्म Biwi No.1 के दो आइकॉनिक गाने बताए जा रहे हैं। पूजा एंटरटेनमेंट का आरोप है कि नई फिल्म में ‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’ जैसे चर्चित गानों का इस्तेमाल बिना वैध अनुमति के किया गया है। कंपनी का दावा है कि गानों के ओरिजिनल ऑडियो राइट्स को लेकर कानूनी विवाद पहले से चल रहा है। फिल्म में इन गानों का इस्तेमाल कॉपीराइट नियमों का उल्लंघन है। प्रमोशनल कंटेंट में भी विवादित म्यूजिक का उपयोग किया गया है। इसी वजह से अदालत से इन गानों को हटाने की मांग की गई है।
फिल्म के टाइटल पर भी उठे सवाल
वहीं विवाद सिर्फ गानों तक सीमित नहीं रहा। पूजा एंटरटेनमेंट ने फिल्म के नाम पर भी आपत्ति जताई है। कंपनी का कहना है कि फिल्म का टाइटल ‘है जवानी तो इश्क होना है’ भी उसी गाने की लाइन से लिया गया है, जिसके अधिकारों पर विवाद चल रहा है। याचिका में मांग की गई है कि फिल्म का टाइटल बदला जाए, विवादित म्यूजिक और ऑडियो हटाया जाए। साथ ही रिलीज से पहले कानूनी अनुमति स्पष्ट की जाए।
टिप्स इंडस्ट्रीज ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी तरफ रमेश तौरानी और टिप्स इंडस्ट्रीज ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। कंपनी का कहना है कि उनके पास संबंधित गानों के म्यूजिक और ऑडियो अधिकार मौजूद हैं और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है। टिप्स की ओर से जारी बयान में कहा गया आरोप तथ्यहीन हैं। फिल्म कानूनी रूप से सुरक्षित है और अदालत में कंपनी अपना पक्ष मजबूती से रखेगी।
रिलीज पर मंडरा सकता है खतरा
डेविड धवन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। लेकिन अब बॉम्बे हाई कोर्ट की सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। क्योंकि रिलीज डेट प्रभावित हो सकती है और प्रमोशनल कैंपेन पर असर पड़ सकता है।
बॉलीवुड में फिर गरमाया कॉपीराइट विवाद
फिल्म इंडस्ट्री में म्यूजिक और कंटेंट राइट्स को लेकर विवाद पहले भी सामने आते रहे हैं, लेकिन इस बार मामला सीधे बड़े बजट की फिल्म और उसके टाइटल तक पहुंच गया है। ट्रेड एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि यदि अदालत ने रोक लगाई तो फिल्म को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। फिलहाल यह मामला बॉलीवुड के सबसे चर्चित कानूनी विवादों में शामिल हो चुका है और अब सभी की नजरें अदालत के अगले फैसले पर टिकी हैं।

