शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एसपी ऑफिस परिसर में एक दंपति ने अपने नवजात बच्चे के साथ जमकर हंगामा कर दिया। मामला कोर्ट के आदेश पर होने वाले DNA टेस्ट से जुड़ा है। पुलिस जब महिला को टेस्ट के लिए ले जाने पहुंची, तो महिला और उसका पति सीधे एसपी ऑफिस पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
घर से भागकर की थी शादी
जानकारी के मुताबिक, दिसंबर 2024 में प्रांशुल शर्मा और नवीन राठौर घर से भाग गए थे। इसके बाद लड़की के परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए दावा किया था कि प्रांशुल नाबालिग है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नवीन राठौर को गिरफ्तार कर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत जेल भेज दिया था। हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई।
नवजात के जन्म के बाद कोर्ट ने दिए DNA टेस्ट के आदेश
बताया जा रहा है कि प्रांशुल ने हाल ही में एक बच्चे को जन्म दिया है। कोर्ट ने मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए महिला, पुरुष और नवजात का DNA टेस्ट कराने के आदेश दिए थे। लेकिन जब पुलिस महिला को टेस्ट के लिए लेकर जाने पहुंची, तो दंपति ने विरोध शुरू कर दिया और एसपी ऑफिस में हंगामा खड़ा कर दिया।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दंपति को समझाइश दी। काफी देर तक बातचीत के बाद दोनों DNA टेस्ट कराने के लिए राजी हो गए।
क्या बोले एडिशनल SP?
मामले पर जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी संजीव मुले ने बताया कि दंपति ने शुरुआत में विरोध किया था, लेकिन समझाने के बाद अब वे DNA टेस्ट के लिए तैयार हैं। मामले की आगे की कार्रवाई कोर्ट के निर्देशानुसार जारी है।

