दतिया। होली का त्योहार उस समय हिंसा में बदल गया जब रंग-गुलाल को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जिगना थाना क्षेत्र के हथना गांव में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, होली खेलने के दौरान रंग लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि इस संघर्ष में महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई।
बताया जा रहा है कि इसी विवाद के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में दो से तीन लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना का वीडियो सामाजिक माध्यमों पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
त्योहार के दिन हुई इस हिंसक घटना ने इलाके की शांति को झकझोर दिया है और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
दतिया में होली की खुशियां बनीं मातम, रंग खेलने के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या


