Friday, November 6, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsछत्तीसगढ़ में भीषण बस हादसा: पेड़ से टकराई यात्री बस, छह की...

छत्तीसगढ़ में भीषण बस हादसा: पेड़ से टकराई यात्री बस, छह की मौत और 15 घायल

मनेंद्रगढ़: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर पहाड़हंसवाही के पास एक भीषण सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी, अस्पताल पहुंचाए गए घायल

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंची। राहतकर्मियों ने एंबुलेंस की मदद से सभी 15 घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज जारी है। हादसे के शुरुआती दौर में बस चालक समेत दो लोगों की मौके पर मौत होने की जानकारी सामने आई थी। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।

अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

दुर्घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत और उपचार व्यवस्था की निगरानी की। उपजिलाधिकारी शशिशेखर मिश्रा अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के उपचार और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह भी केल्हारी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने हादसे की जानकारी लेते हुए राहत कार्यों और घायलों के इलाज की व्यवस्था की समीक्षा की।

यह भी पढ़ें: UN रिपोर्ट में दाऊद की डी-कंपनी को भारतीय गिरोह बताने पर भारत ने कड़ा ऐतराज जताया

पूर्व विधायक ने भी जाना घायलों का हाल

पूर्व विधायक गुलाब कमरो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ केल्हारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

हादसे के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन