सना: यमन में हूतियों और सऊदी अरब के बीच संघर्ष तेज होता जा रहा है। इसी बीच हूतियों ने दावा किया है कि उन्होंने यमन के मारिब प्रांत के हवाई क्षेत्र में सऊदी अरब के एक F-15 फाइटर जेट को मार गिराया है। हूतियों के मुताबिक, विमान को स्थानीय स्तर पर तैयार मिसाइल से निशाना बनाया गया।
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि सऊदी F-15 मारिब क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों के दौरान कार्रवाई कर रहा था। इसी दौरान उसे मिसाइल से निशाना बनाया गया। हालांकि, फाइटर जेट गिराए जाने की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। सऊदी अरब की ओर से भी फिलहाल F-15 के नुकसान की पुष्टि नहीं की गई है।
सऊदी अरब पर 450 से ज्यादा हमलों का आरोप
हूती सैन्य प्रवक्ता ने सऊदी अरब पर यमन के अलग-अलग इलाकों में 450 से अधिक हमले करने का आरोप लगाया है। हूतियों का कहना है कि सऊदी अरब लगातार यमन में सैन्य कार्रवाई कर रहा है।
इससे पहले सऊदी अरब ने हूतियों पर मक्का को निशाना बनाने का आरोप लगाया था। हूतियों ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उनके निशाने पर तेल सुविधाएं और सैन्य ठिकाने हैं।
मारिब में मिला मिसाइल का मलबा
इस बीच यमन के मारिब प्रांत में एक बैलिस्टिक मिसाइल का मलबा मिलने की बात भी सामने आई है। कुछ विशेषज्ञों ने इसके चीन में बनी DF-15A शॉर्ट-रेंज बैलिस्टिक मिसाइल से जुड़े होने का अनुमान लगाया है।

हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर यह साफ नहीं हुआ है कि मिसाइल किसने दागी थी। वहीं, हूतियों के F-15 गिराने के दावे पर भी सऊदी अरब की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

