साउथ अफ्रीका: ICC ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए मेजबान शहरों की घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट 4 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किया जाएगा। इस बार टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी।
12 शहरों में खेले जाएंगे मुकाबले
वनडे वर्ल्ड कप 2027 के मुकाबले कुल 12 शहरों में खेले जाएंगे। इनमें दक्षिण अफ्रीका के 8 शहर शामिल हैं-जोहानसबर्ग, सेंचुरियन, डरबन, ग्केबेर्हा, कुगोम्पो सिटी, केपटाउन, पार्ल, ब्लोमफोंटेन
ये भी पढ़े
भोजशाला नमाज विवाद: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ग्रामीणों का विरोध
वहीं जिम्बाब्वे के हरारे, बुलावायो और विक्टोरिया फॉल्स तथा नामीबिया की राजधानी विंडहोक में भी मुकाबले आयोजित होंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला जोहानसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम या केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में खेले जाने की संभावना है।
24 साल बाद अफ्रीका में लौटेगा वनडे वर्ल्ड कप
वनडे वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन 24 साल बाद अफ्रीकी महाद्वीप में होगा। इससे पहले साल 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। दक्षिण अफ्रीका इससे पहले 2007 टी-20 वर्ल्ड कप, 2009 चैंपियंस ट्रॉफी और 2023 महिला टी-20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े ICC टूर्नामेंट आयोजित कर चुका है। वहीं, नामीबिया पहली बार किसी सीनियर ICC टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा।
दक्षिण अफ्रीका में होंगे सबसे ज्यादा मुकाबले
2027 वनडे वर्ल्ड कप में कुल 54 मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें से करीब 41 मैच दक्षिण अफ्रीका में होने की संभावना है। जिम्बाब्वे को 7 से 10 मैचों की मेजबानी मिल सकती है, जबकि नामीबिया में कम से कम 3 मुकाबले खेले जाएंगे। बेनोनी और पोटचेफस्ट्रूम को वॉर्म-अप मुकाबलों के लिए चुना गया है।
विक्टोरिया फॉल्स बनेगा नया वर्ल्ड कप वेन्यू
12 मेजबान शहरों में विक्टोरिया फॉल्स नया नाम है। यहां करीब 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाला नया स्टेडियम बनाया जा रहा है, जिसके इस साल के अंत तक तैयार होने की उम्मीद है।
14 टीमों के नए फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट
2027 वनडे वर्ल्ड कप नए फॉर्मेट के साथ खेला जाएगा। ICC के अनुसार, टूर्नामेंट में 14 टीमें शामिल होंगी और मुकाबले तीन चरणों में आयोजित होंगे। पहले चरण में 12वीं, 13वीं और 14वीं रैंक वाली टीमों के बीच सुपर सीरीज होगी, जिसमें से एक टीम अगले दौर में पहुंचेगी।
इसके बाद 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। दोनों ग्रुप की शीर्ष टीमें सुपर-7 राउंड में जगह बनाएंगी। सुपर-7 के बाद टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी और विजेता टीमें फाइनल मुकाबला खेलेंगी।
भारत-पाकिस्तान के बीच हो सकते हैं तीन मुकाबले
नए फॉर्मेट के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच अधिकतम तीन मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। अगर दोनों टीमें एक ही ग्रुप में रहीं तो पहला मैच ग्रुप स्टेज में होगा। इसके बाद दोनों के सुपर-7 में पहुंचने पर दूसरी भिड़ंत हो सकती है। वहीं सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचने पर दोनों टीमें तीसरी बार आमने-सामने आ सकती हैं।
मेजबान टीमों की स्थिति
दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे ICC के फुल मेंबर होने के कारण सीधे टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं। वहीं नामीबिया को क्वालिफिकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा।
2027 वनडे वर्ल्ड कप 2027-31 फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) का पहला ICC टूर्नामेंट भी होगा।

