Wednesday, September 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsइग्नू दिसंबर सत्रांत परीक्षा के फॉर्म शुरू,30 सितंबर तक करें आवेदन

इग्नू दिसंबर सत्रांत परीक्षा के फॉर्म शुरू,30 सितंबर तक करें आवेदन

भोपाल: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा तथा ऑनलाइन कार्यक्रमों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों की सत्रांत परीक्षा 25 नवंबर 2026 से शुरू होगी।
इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र भोपाल के अंतर्गत अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए सैद्धांतिक विषयों का परीक्षा फॉर्म भरने की सामान्य अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद विद्यार्थी विलंब शुल्क के साथ 15 अक्टूबर 2026 तक परीक्षा फॉर्म जमा कर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन करने की अपील की है।

प्रोजेक्ट और प्रायोगिक पाठ्यक्रमों के लिए अलग फॉर्म

दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा से परियोजना, इंटर्नशिप और प्रायोगिक पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की अलग व्यवस्था की गई है। ऐसे पाठ्यक्रमों वाले विद्यार्थियों को समर्थ पोर्टल के माध्यम से संबंधित विषयों के लिए अलग से परीक्षा फॉर्म भरना अनिवार्य होगा।
इन पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 है। इसके बाद फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। परियोजना जमा करने और प्रायोगिक परीक्षाओं से संबंधित ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है।

समर्थ पोर्टल से भरना होगा परीक्षा फॉर्म

विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म समर्थ विद्यार्थी पोर्टल के माध्यम से भरना होगा। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराया है, उन्हें पहले नवीन पंजीकरण करना होगा। इसके बाद वे परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे।
फॉर्म भरते समय परीक्षा पद्धति, पाठ्यक्रम और परीक्षा केन्द्र का चयन सावधानी से करने की सलाह दी गई है। विद्यार्थियों को आवेदन से पहले जून 2026 सत्रांत परीक्षा का परिणाम जांचने और समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने को कहा गया है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, एक बार जमा की गई परीक्षा शुल्क राशि वापस नहीं की जाएगी। वहीं, एक ही समूह के पाठ्यक्रमों अथवा लंबित पाठ्यक्रमों के कारण परीक्षा तिथियों में होने वाले टकराव पर विश्वविद्यालय के निर्धारित नियम लागू होंगे।

ये भी पढ़े:सीएम योगी ने 3567 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र,विपक्ष पर साधा निशाना

भोपाल क्षेत्र में 16 परीक्षा केन्द्र

इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र भोपाल के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अंशुमान उपाध्याय ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय केन्द्र के अंतर्गत विभिन्न जिलों में 16 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर, मंदसौर, झाबुआ, शिवपुरी, महू और खंडवा सहित विभिन्न स्थानों पर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम और इंदौर के चार केंद्रीय कारागारों में भी परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं। यहां इग्नू में नामांकित बंदी विद्यार्थी अपनी सत्रांत परीक्षा दे सकेंगे।
प्रायोगिक एवं प्रयोगशाला पाठ्यक्रमों तथा पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान स्नातक कार्यक्रम के विद्यार्थियों को प्रायोगिक परीक्षा के स्थान और समय-सारणी की जानकारी क्षेत्रीय केन्द्र भोपाल द्वारा अलग से दी जाएगी।
पंजीकरण या परीक्षा फॉर्म भरने में किसी प्रकार की परेशानी होने पर विद्यार्थी examsupport_rcbhopal@ignou.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।
इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र भोपाल ने सभी पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा में परीक्षा फॉर्म भरकर दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा में शामिल होने की प्रक्रिया पूरी करने का अनुरोध किया है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

20 to 26 September 2026
13 to 19 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन