Monday, November 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसंपत्ति विवाद में कलयुगी बेटे ने 80 वर्षीय पिता को जिंदा जलाया

संपत्ति विवाद में कलयुगी बेटे ने 80 वर्षीय पिता को जिंदा जलाया

बालाघाट: जिस पिता ने बेटे को उंगली पकड़कर चलना सिखाया, बुढ़ापे में उसी पिता को बेटे ने दर्दनाक मौत दे दी। संपत्ति के लालच में रिश्तों को शर्मसार करने वाली यह वारदात बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र से सामने आई है। आरोप है कि बहन को जमीन में हिस्सा देने और पिता को मिलने वाली पेंशन सहित सरकारी योजनाओं का लाभ बहन को ही मिलने से नाराज बेटे ने अपने ही 80 वर्षीय पिता को रस्सी से बांधा, पॉलीथिन और बिस्तर में लपेटा और फिर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। इस निर्मम हत्याकांड के बाद फरार आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

घटना लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम सोगलपुर की है

दरअसल, दिल दहला देने वाली यह घटना लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम सोगलपुर की है। यहां 80 वर्षीय दुलेश्वर खोब्रागढ़े की अधजली लाश उनके ही घर में बरामद हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि उनके बेटे अनिल खोब्रागढ़े को इस बात से नाराजगी थी कि पिता ने अपनी बेटी को अपने पास रखा था और रहने के लिए कुछ जमीन भी उपलब्ध कराई थी। आरोपी को लगता था कि बहन को जमीन देने से उसके हिस्से की संपत्ति कम हो जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने पिता की पेंशन और सरकारी योजनाओं से मिलने वाली राशि पर भी खुद अधिकार चाहता था। इसी विवाद के चलते वह पिता को खाना तक नहीं देता था। हालांकि, बेटी चोरी-छिपे पिता को भोजन और पानी पहुंचाती थी। बहन की इस मदद से भी आरोपी नाराज रहता था और आए दिन विवाद करता था।

आरोपी ने पिता की हत्या की साजिश रची

बताया गया कि इसी नाराजगी में आरोपी ने पिता की हत्या की साजिश रची। रात में पेट्रोल की व्यवस्था की और बुजुर्ग पिता को घर की दीवार के एक कोने में ले जाकर उनके ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया। इसके बाद आग लगाकर उन्हें जिंदा जला दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अगले दिन सुबह अपना थैला लेकर वाहन से निकल गया। वह फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता था।

ये भी पढ़ें: भोपाल में 599 मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई: विरोध की आशंका में कांग्रेस नेता हिरासत में

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाए

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाए। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से परीक्षण किया। एसडीओपी दीपक सिंह तोमर के अनुसार, जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अनिल खोब्रागढ़े को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिस उम्र में पिता को बेटे के सहारे और देखभाल की जरूरत थी, उसी उम्र में संपत्ति के लालच ने उनकी जिंदगी छीन ली।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन