लखनऊ। आयकर विभाग की छापेमारी बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के कई ठिकानों पर दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी है। कार्रवाई को शुरू हुए चौबीस घंटे से अधिक हो चुके हैं। विभाग की टीम ने उनके लखनऊ आवास, कार्यालय, बलिया स्थित होटल, प्लांट, आवास सहित कुल तीस स्थानों से महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
बतादें कि विपुल खंड स्थित उनके कार्यालय में टीम अब भी मौजूद है, जबकि लखनऊ स्थित आवास से अधिकारी बुधवार रात देर तक कार्रवाई करते रहे। सोनभद्र और वाराणसी में भी आयकर विभाग ने समानांतर छापेमारी की है। हालांकि विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इधर, क्रेसर ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह, चंद्रभूषण गुप्ता और देवेंद्र केसरी के प्रतिष्ठानों पर भी छापे पड़े हैं। बताया जा रहा है कि विभाग को कई महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेज मिले हैं।
उमाशंकर सिंह 2012, 2017 और 2022 में रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से बसपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। इस बीच, उनके रिश्तेदार और प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश सिंह ने सामाजिक मंच पर पोस्ट कर छापेमारी का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि विधायक दो वर्ष से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और इस स्थिति में कार्रवाई पर सवाल खड़े होते हैं।
बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर छापे-दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी


