सिवनी/ईंदावाड़ी: एक ओर गांवों के विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर सिवनी जिले की जनपद पंचायत सिवनी के अंतर्गत आने वाले ईंदावाड़ी के कोड़ी मोहल्ला की तस्वीर इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। यहां ग्रामीणों के सामने शिक्षा, सड़क और स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का संकट है। कोड़ी मोहल्ला में कक्षा पांचवीं तक का स्कूल नहीं होने के कारण बच्चों को पढ़ाई के लिए लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जाना पड़ता है।
जिस कारण बच्चे प्रतिदिन स्कूल नहीं जा पाते। आप ही सोचिए, इतने छोटे बच्चे डेढ़ किलोमीटर दूर कैसे जाएंगे। मोहल्ले में सड़क की समस्या भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। आवागमन के लिए बेहतर सड़क का अभाव ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करता है।
जंग लगा गंदा पानी पीने को मजबूर ग्रामीण
सबसे गंभीर चिंता ग्रामीणों के पेयजल को लेकर है। ग्रामीणों ने जंग लगे और गंदे पानी की समस्या सामने रखी है। तस्वीर में भी पानी का रंग गंदला दिखाई दे रहा है।
स्वच्छ पेयजल जीवन की बुनियादी आवश्यकता है। ग्रामीणों को यदि साफ पानी के लिए भी संघर्ष करना पड़े, तो यह संबंधित विभागों की नाकामी है। ईंदावाड़ी के कोड़ी मोहल्ला की समस्याएं ग्रामीण विकास की जमीनी हकीकत को सामने लाती हैं। क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से सवाल है कि ग्रामीणों की इन बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे? क्या बच्चों को नजदीक में प्राथमिक शिक्षा की सुविधा मिलेगी? क्या मोहल्ले में सड़क का निर्माण होगा? क्या ग्रामीणों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा? अब देखना यह है कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासन इन समस्याओं को कितनी गंभीरता से लेते हैं और ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए कब तक ठोस कार्रवाई करते हैं।

