वेलिंगटन: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज वेलिंगटन के मैदान पर खेला जाएगा। शुरुआती दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुकी है और आज का मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।
वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी नजर
भारतीय टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी पोजिशन पर नजर रहेगी। ईशान किशन दाईं जांघ की मांसपेशी में खिंचाव से पूरी तरह नहीं उबरे हैं, इसलिए वह तीसरे टी-20 से भी बाहर रहेंगे। ऐसे में सूर्यवंशी को एक बार फिर नंबर-3 पर मौका मिलने की संभावना है
भारत के लिए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की शुरुआत भी महत्वपूर्ण होगी। पिछले मैच में तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन बनाकर हारा हुआ मैच जिताया था।
ग्लेन फिलिप्स हैं न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी उम्मीद
इस सीरीज में न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स का प्रदर्शन सबसे अहम रहा है। वह पहले दो मैचों में 150 से ज्यादा रन बना चुके हैं। उनकी बल्लेबाजी की खासियत है कि वह पारी को संभालने के साथ तेजी से रन भी बना सकते हैं।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर भी भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती हैं। पिछले मैच में उनकी स्पिन गेंदबाजी ने भारत को परेशान किया था। पहले दो मुकाबलों में न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने मिलकर आठ विकेट लिए हैं, जबकि तेज गेंदबाजों को चार विकेट मिले हैं।
भारत की ओर से भी स्पिन के खिलाफ बल्लेबाजी चिंता का विषय रही है। तिलक वर्मा का स्पिन के खिलाफ स्ट्राइक रेट 76 रहा है, जबकि तेज गेंदबाजों के सामने वह 220 के स्ट्राइक रेट से रन बना चुके हैं।
पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत- संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
न्यूजीलैंड- फिन एलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जेमीसन, एडम मिल्ने, जैकब डफी।

